अशफाक कायमखानी, जयपुर (राजस्थान), NIT:

हाइवे बना रही कंपनी से 10 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में 29 दिन से जेल में बंद बांदीकुई एसडीएम पिंकी मीणा को अपनी शादी के लिए अंतरिम जमानत मिल गई है। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच में जस्टिस इंद्रजीत सिंह ने 10 दिन की सशर्त जमानत दी है। राजस्थान न्यायिक सेवा में चयनित हुए अधिकारी के साथ 16 फरवरी को एसडीएम की शादी होगी। न्यायिक अधिकारी की पोस्टिंग कहां हुई है यह साफ नहीं हो सका है। शादी के पांच दिन बाद ही 21 फरवरी को पिंकी मीणा को कोर्ट में सरेंडर करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 22 फरवरी को होगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शादी के लिए दौसा जिले के जटवाड़ा में एक आलीशान होटल पहले ही बुक हो चुका था। इसी बीच वह रिश्वत लेते ट्रेप कर ली गई।29 दिन से जेल में बंद एसडीएम मीणा ने जनवरी 2021 में निचली अदालत में जमानत के लिए प्रयास किए थे तब याचिका ठुकरा दी गई थी। सरकारी वकील ने जमानत देने का विरोध कर कहा था कि यह बाहर आईं तो जांच प्रभावित हो सकती है। हालांकि अब हाईकोर्ट से पिंकी मीणा को शादी के 6 दिन पहले जमानत मिल गई है।
एसीबी ने 13 जनवरी को दौसा में हाइवे निर्माण करने वाली कंपनी से 5 लाख की रिश्वत लेते दौसा एसडीएम पुष्कर मित्तल और 10 लाख की रिश्वत मांगने की शिकायत पर बांदीकुई एसडीएम पिंकी मीणा को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि दोनों एसडीएम ने भारतमाला परियोजना (दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाइवे) कंपनी के अधिकारियों से रिश्वत मांगी थी। उसके साथ आरएएस पुष्कर मित्तल भी गिरफ्तार किए गए थे।
