हिमांशु सक्सेना, ग्वालियर (मप्र), NIT:

उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में युवाओं को नि:शुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके लिए गाँव-गाँव में कम्प्यूटर लैब स्थापित की जायेंगी। प्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को यह सौगात दी गई है। श्री कुशवाह गुरूवार को जनपद पंचायत घाटीगाँव के ग्राम रामपुरा में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण युवाओं को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने 8 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 4 सीसी रोड़ व 2 नाला निर्माण का लोकार्पण तथा ग्राम रामपुरा के सामुदायिक भवन में सीपीडब्ल्यू निर्माण व धार खो बांध के समीप तालाब निर्माण का भूमिपूजन शामिल है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने यह भी जानकारी दी कि मुरार विकासखण्ड के सभी गाँवों में प्रदेश सरकार द्वारा नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर लगाए जायेंगे।
