अरशद आबदी, झांसी ( यूपी ), NIT;
जिले में कानून व्यवस्था और सामाजिक स्तर पर जनता के हितों को ध्यान में रखकर झांसी के जिलाधिकारी करण सिंह ने खुद मोर्चा संभाल रखा है। इसी के चलते झांसी में अपनी तैनाती के बाद से ही लगातार झांसी नगर के गली गली चप्पे-चप्पे पर पैदल मार्च कर शहर को साफ सुथरा और भय मुक्त बनाने के इराद से काम कर रहे हैं। इसी क्रम में झांसी के जिलाधिकारी करण सिंह सोमवार की देर शाम अचानक इलाइट चौराहे पर जा पहुंचे। इसके बाद झांसी के वरिष्ठ् पुलिस अधीक्षक, सी.ओ सिटी, अपर नगर आयुक्त व नवाबाद थाने की पुलिस फोर्स के साथ में पैदल मार्च किया। इस दौरान रास्ते में फुटपाथ पर किए गए कब्जे को कब्जा मुक्त कराते हुए निर्देश दिए।
इसी दौरान आचानक झांसी के जिलाधिकारी करण सिंह अपने काफिले को छोड़कर अकेले ही नेशनल बैकरी के बगल में खुली रिमझिम बियर बार में बीयर खरीदने जा पहुंचे। जिलाधिकारी ने बीयर शाप पर पहुंचकर दुकानदार से बीयर मंगी, जिसके बाद दुकानदार ने जिलाधिकारी को बीयर देते हुये प्रिन्ट रेट से अधिक रूपये मांगे। इसके बाद जिलाधिकारी ने अपने मोबाइल से दुकानदार की रिकार्डिग कर ली। दरअसल जिलाधिकारी जिस अन्दाज में दुकान पर बीयर खरीदने पहुंचे, उससे किसी का भी अंदाजा लगाना मुश्किल ही था, कि सामने खड़ा व्यक्ति झांसी का डी.एम है।
इससे पहले कि दुकानदार कुछ समझ पाता, जिलाधिकारी के नेतृत्व में साथ चल रहे झांसी के वरिष्ठ् पुलिस अधीक्क्षक, सी.ओ.सिटी पूरे पुलिस फोर्स के साथ बीयर की दुकान पर आ धमके। जिलाधिकारी ने बीयर की दुकान पर हो रही ओवर रेंटिंग के चलते दुकान पर कार्यवाही करते हुये सील करवा दिया। इस अचानक हुयी कार्यवाही से साथ चल रहे अन्य विभागों के अधिकारी भी सकते में आ गयें।
