पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने के लिये एक उच्च स्तरीय बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में ग्वालियर कमिश्नर श्री आशीष सक्सेना एवं आईजी श्री अविनाश शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, हॉकर्स जोन के उपयोग के साथ-साथ महाराज बाड़े को पेडेस्ट्रियल जोन बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की गई। बैठक में डीआईजी सचिन अतुलकर ,ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन, सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती जयति सिंह, एडिशनल एसपी श्री सतेन्द्र सिंह एवं श्री पंकज पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना ने बैठक में कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था के लिये जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम का अमला संयुक्त रूप से कार्य करे। शहर में स्थापित हॉकर्स जोन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। शहर की प्रमुख सड़कों पर लगने वाले ठेलों को हॉकर्स जोन में लगाने की व्यवस्था की जाए।
मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य पार्किंग जो बनकर तैयार हैं उनमें सभी लोग अपने वाहन पार्क करें, इसके लिये माहौल बनाया जाए। आवश्यक हो तो व्यापारियों के साथ भी बैठक हो।
बैठक में कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सांसद की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय यातायात समिति में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
• मुरार एवं इंटक स्थित हॉकर्स जोन में ठेले वालों को शिफ्ट कराने की कार्रवाई की जाए।
• जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर यातयात प्रबंधन के संबंध में निर्णय कराए जाएं।
• महाराज बाड़े को कुछ समय के लिये पेडेस्ट्रियल जोन बनाने का कार्य हो।
• मुरैना एवं भिण्ड से आने वाली बसों के लिये आईएसबीटी पर अस्थायी बस स्टेण्ड प्रारंभ हो।
• सिटी बस सेवा के बेहतर संचालन के लिये पुलिस और प्रशासन सहयोग कर बसों के संचालन में आ रही कठिनाई दूर करे।
• मल्टी लेवल पार्किंग में व्यापारी अपने वाहन खड़े करें।
• मल्टी लेवल पार्किंग के बाहर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को उठाने की कार्रवाई भी की जाए।
• मोतीमहल से बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग प्रारंभ करने की कार्रवाई भी की जाए।
• यातायात में बाधक रोटरी एवं विद्युत पोल हटाने का कार्य भी तत्परता से किया जाए।
