मो.मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रदेश की भाजपा सरकार को बढ़ रही बेरोजगारी की चिंता नहीं है उसे तो सिर्फ सौदेबाजी करके सरकार बनानी है विधायकों की खरीद-फरोख्त करके, 15 महीने की कांग्रेस सरकार को भाजपा ने गिरा दिया। इतिहास में ऐसा कारनामा देश में कहीं नहीं हुआ, हमारे देश के संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने भी कभी नहीं सोचा होगा कि खरीद-फरोख्त से भी सरकारें गिराई जा सकेगी, उक्त आशय के उद्गार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जुन्नारदेव में व्यक्त किया। आगे उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार की जरूरत है जबकि भाजपा सरकार रोजगार देने में असफल साबित हो रही है।

सभा को संबोधित करते हुए जिले के सांसद नकुलनाथ ने पंचायती चुनाव के संबंध में कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस जनों के मार्गदर्शन में युवाओं को पंचायती चुनाव में मौका दिया जावेगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक सुनील उईके ने कहा कि कार्यकर्ताओं को निराश होने की जरूरत नहीं हमारी 15 महीने की सरकार और भारतीय जनता पार्टी की 15 वर्ष की सरकार की तुलना करके हमें माननीय कमलनाथ जी पर गर्व करना चाहिए कि जितने कार्य हमारी सरकार में हुए भाजपा की 15 साल की सरकार में उतने कार्य नहीं हुऐ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में जिला अध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी ने कहा कि आने वाल पंचायती चुनाव में हम सब को एकजुट होकर कांग्रेस का परचम लहराना है। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रम का मंच संचालन ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम तिवारी ने किया। इस अवसर पर नवेगांव, तामिया, दमुआ, जुन्नारदेव सहित सभी क्षेत्र के अध्यक्ष, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तथा क्षेत्र की जनता उपस्थित थी।
