मो.मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जिला पंचायत सदस्य अंगूरी नागवंशी ने बताया कि कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मौखिक रूप से बताया गया की महिला एवं बाल विकास परियोजना क्रमांक – 01 की परियोजना अधिकारी के द्वारा हमारे ऊपर दबाव डालकर गलत कार्य कराए जाते हैं, हमारे द्वारा मना करने पर हमें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भयवश कुछ भी लिखित में देने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने मुझे यह भी बताया कि कुछ लोग जो कि मैडम से सीधे जुड़े है वे हम पर दबाव बनाकर जबरन बसूली भी करते हैं, हम डरे हुए हैं, कोई हमारी मदद नहीं कर रहा। मैंने उनकी व्यथा सुनी और मैंने आरटीआई के माध्यम से कुछ सूचनाएं एकत्रित की। आर टी आई से जो जानकारी मुझे मिली है उसमें भ्रष्टाचार साफ नजर आ रहा है। शासकीय उपयोग के लिए किराए पर लिए वाहन हो, आदर्श आंगनवाड़ी हो, लाकडाउन के दौरान वितरित रेडी टू ईट ( R T E ) हो, प्रधान मंत्री मात्र वंदना योजना में आवेदनों की फीडिंग का भुगतान हो, साड़ी खरीदी, ब्लेजर खरीदी सहित कई अनियमितताएं एवं गड़बड़ी मुझे देखने को मिली है। कुछ गड़बड़ी तो परियोजना से सीधे की गई है किंतु कुछ गड़बड़ियां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर दबाव डालकर कराई गई है। अगर सहीं जांच हुई तो परियोजना अधिकारी तो फसेंगी ही किन्तु कुछ निर्दोष आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भी फँस सकती है। इसीलिए मेरे द्वारा आदर्श आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओ को पत्र लिखकर उनसे लिखित में कुछ जानकारी चाही थी एवं उसी की प्रतिलिपि संबंधी सेक्टर सुपरवाइजर को भी दी। मेरे इसी पत्र के सवाल, एवं आर टी आई में मुझे मिली जानकारी से परियोजना अधिकारी तिलमिला गई है। इसीलिए वे एवं एक सेक्टर सुपरवाइजर मेरे खिलाफ अनर्गल शिकायत करा रही है। मैं ऐसी किसी भी शिकायत से विचलित होने वाली नही हूँ। मैं जल्द ही सारी शिकायत जिला कलेक्टर महोदय सहित प्रदेश एवं संभागीय स्तर पर करूंगी । मैं अपनी शिकायत में परियोजना अधिकारी के विरुद्ध हुई पुरानी शिकायतों एवं उनके द्वारा किये जाने वाले व्यवहार के बारे में भी जानकारी दूंगी।
अंगूरी नागवंशी जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 जुन्नारदेव, जिला - छिंदवाड़ा।
