पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर के समग्र विकास के लिये विजन डॉक्यूमेंट बनाया जायेगा, विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से ही ग्वालियर के चहुँमुखी विकास के कार्यों को अंजाम दिया जायेगा। विजन डॉक्यूमेंट के लिये शहर के गणमान्य नागरिकों, व्यवसाइयों और विभागीय अधिकारियों से महत्वपूर्ण सुझाव लेने हेतु कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।
शहर विकास के लिए विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी ओर से सुझाव भी दिए और प्रजेण्टेशन के माध्यम से किस तरह से विकास के कार्यों को अंजाम दिया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी दी। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के मानसेवी सचिव श्री प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सभी सदस्यों की एक बैठक आयोजित कर विस्तृत प्रतिवेदन सुझावों के साथ आगामी दिनों में दिया जायेगा। पूर्व विधायक श्री रमेश अग्रवाल ने भी शहर विकास के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मैं अपने सुझाव लिखित रूप में भी प्रस्तुत करूँगा। इसके साथ ही शहर विकास के सभी कार्यों में मैं पूरा सहयोग करने के लिये कार्य करता रहूँगा। व्यवसायी श्री झवर ने भी प्रजेंटेशन के माध्यम से अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए और पर्यटन की दृष्टि से किस प्रकार से कार्य किया जा सकता है इस संबंध में जानकारी दी।
कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में स्पष्ट किया कि शहर विकास का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। इसमें सभी वर्गों के सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। केवल एक बैठक से ही पूरी परियोजना तैयार नहीं हो सकती है। आगे भी विभिन्न स्तरों पर सुझाव और चर्चायें की जायेंगी।
