त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

संविधान दिवस के उपलक्ष्य में अजाक्स संघ, अनुसूचित जाति जन जाति ओबीसी संघ, भीम आर्मी अन्य संगठनों के द्वारा कचहरी तिराहा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा स्थल पर रात्रि सात बजे एकत्रित होकर संविधान दिवस पर कार्यक्रम रखा गया। जिसमें सभी संगठनों के एकत्रित लोगों द्वारा मोमबत्ती जलाकर बाबा साहब को श्रद्धाजंली अर्पित कर बाबा साहब जी की प्रतिमा को फूल माला पहनाकर बाबा साहब को नमन किया गया। जिसमें सैंकड़ों की संख्या मै लोग शामिल रहे। प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं के रूप में सक्षिप्त प्रबोधन भी हुआ जिसमें एनपी वाल्मीकि द्वारा संविधान का महत्व बताते हुए कहा कि सभी को संविधान का पालन करते हुये उसका प्रचार प्रसार करने पर बल देना जरूरी है। कमलेश ठाकुर अजाक्स संघ ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि संविधान को समझने के लिए हमें शिक्षित होना बहुत जरूरी है तब ही संविधान को समझ सकते हैं। महेन्द्र जी द्वारा कहा गया कि संविधान पर अमल होना आवश्यक है व हम सब को संविधान का ज्ञान रखना जरूरी है तब ही हम अपने अधिकार प्राप्त कर सकते हैं। रजत दिवान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त कर कहा की आप सब ऐसे ही सक्रिय रहें व सभी संगठन के साथ अपने लोगों को जागरूक करते रहें। कार्यक्रम में अशोक चढार पार्षद, राकेश चौरसिया, गन्धर्व ठाकुर, ओम ठाकुर, रामकृष्ण सेन, पत्रकार त्रिवेन्द्र जाट, रीतेश वाल्मीकि, नसीम खान, गोविंद सेन, मुकेश जाटव, चन्द्रेश जाटव, एनएम अहिरवार, वृजेन्द्र वाल्मीकि, राजकुमार दीवान, अनिल वाल्मीकि, नारायण वाल्मीकि, सेवक जाटव, प्रीतम जाटव, मनोहर लखन के अलावा बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

वहीं देवरी नगर पालिका परिषद की इतनी बड़ी लापरवाही देखने को मिली कि जहां एक ओर संविधान दिवस पर वरिष्ठ अधिकारी से लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री द्वारा बाबा साहब प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम रखे गये साथ ही प्रतिमा की साफ सफाई, स्थल की पुताई व सजावट के लिये लाईट की व्यवस्थायें की गईं वहीं देवरी नगरपालिका के अधिकारी संविधान दिवस ही भूल गये। नगरपालिका द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई। जिन बाबा साहब ने संविधान के द्वारा पूरे विश्व को प्रकाश मान किया आज संविधान दिवस पर वही बाबा साहब जी की प्रतिमा अंधेरे में रही, वहां पर लगा बल्व जो फ्यूज हो चुका है उसको बदलने का भी समय नगरपालिका को नहीं मिला न साफ सफाई पुताई सजावट का। क्या इतनी बड़ी लापरवाही नगरपालिका प्रशासन द्वारा करने पर वरिष्ठ अधिकारी, जन प्रतिनिधि चुप रहेंगे या इन लापरवाही करने वाले अधिकारीयों पर कार्यवाही करेंगे? जब देश के संविधानदाता को ही भूल गये जिनके कारण आज सब नौकरी कर रहे हैं उन को नजर अंदाज कर उनका ही अपमान किया गया।
