जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मप्र ), NIT; 
नर्मदा के तटो को वनस्पतियों की हरी चुनरी पहनाने के लिये वनस्पति बीज रोपण एवं मां की मनुहार का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने गोंदागांव में मां नर्मदा का पूजा अर्चना कर मां की मनुहार की।
मां नर्मदा किनारे बसे गांवों में मनुहार कार्यक्रम का आयोजन कर पूजा अर्चना की गई। प्रात: काल रैली निकाल कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद सभी नर्मदा परिवार तथा अन्य ग्रामीण जन नर्मदा तटो पर एकत्रित हुए। मां नर्मदा की विधि पूर्वक पूजा अर्चना की गई। उनसे सबने सामूहिक रूप से क्षमा प्रार्थना की इसके बाद नर्मदा के राइपेरियन जोन मे पाई जाने वाली वनस्पतियो के विभिन्न बीजो तथा पौधरोपण मे सहायक उपकरणो का पूजन किया गया। इसके बाद नर्मदा परिवारो ने राइपेरियन जोन मे आवंटित उपखण्ड मे भूमि पूजन किया। मां की मनुहार कार्यक्रम को सम्पन्न कराने के लिये नर्मदा तट के सभी गांव मे जिला स्तर के अधिकारी तैनात किये गये थे। इनके द्वारा स्थानीय जन प्रतिनिधियो स्वयंसेवी संस्थाओ तथा नर्मदा परिवार के साथ नर्मदा मां की मनुहार की गई।
