जयपुर ग्रेटर में डॉ सौम्या और दिव्या सिंह में होगा मेयर के लिए मुकाबला | New India Times

हरकिशन भारद्वाज, जयपुर (राजस्थान), NIT:

जयपुर ग्रेटर में डॉ सौम्या और दिव्या सिंह में होगा मेयर के लिए मुकाबला | New India Times

जयपुर ग्रेटर नगर निगम पर मेयर प्रत्याशी चुनने में भाजपा को पसीना आ गया। लम्बी मंत्रणा के बाद आखिर पार्टी की चुनाव समिति ने डॉ सौम्या गुर्जर के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी। जयपुर ग्रेटर के वार्ड 87 से विजेता रहीं सौम्या गुर्जर इस पद के लिए शुरू से ही प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं। लेकिन उन्हें आखिरी समय तक पूर्व मेयर रहीं शील धाबाई और ओबीसी महिला वर्ग से चुनाव जीती अन्य नेत्रियों से चुनौती मिली।

ग्रेटर में सौम्या वर्सेज़ दिव्या
मेयर पद के लिए नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। ख़ास बात ये रही कि दोनों ही पार्टियों ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए यहाँ गुर्जर कार्ड खेला है। भाजपा ने जहां सौम्या गुर्जर को मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस ने दिव्या सिंह को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में अब ये तय हो गया है कि इन्हीं दोनों में से किसी एक को जयपुर शहर की नई बनी हेरिटेज नगर निगम की पहली मेयर बनने का गौरव हासिल होगा।

एक पद, कई दावेदार- ज़बरदस्त रहा मुकाबला
तीन शहरों की छह नगर निगमों में मेयर प्रत्याशी चुनने में भाजपा को सबसे ज़्यादा जोर जयपुर ग्रेटर में लगा। दरअसल, मेयर नामांकन के आखिरी दिन निकलने से ठीक पहले तक कई दावेदार निकलकर सामने आ गए। बाडाबंदी के अन्दर एकराय नहीं बन सकी जिससे मामला चुनाव समिति तक पहुँच गया।

पार्टी के अन्दर ही मुकाबला
ग्रेटर नगर निगम में मेयर पद पर मुकाबले से पहले भाजपा में मेयर प्रत्याशी बनने को लेकर ही मुकाबला टक्कर का रहा। सौम्या गुर्जर का मुख्य मुकाबला पूर्व मेयर रहीं शील धाबाई से रहा। जबकि मेयर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने से भाजपा से जीतकर पार्षद बनी भारती लखयानी, रश्मि सैनी, श्रवणी देवी, सुखप्रीत बंसल ने भी अपनी दावेदारी जता डाली थी।

नाम तय करने के लिए जुटे ‘दिग्गज’
मेयर प्रत्याशी को लेकर भाजपा की बाडाबंदी में एक राय नहीं बन पाने की स्थिति में जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर स्वास्थ्य कारणों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। जबकि मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी के अलावा वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया, राजेन्द्र राठौड़, अरुण चतुर्वेदी, मदन दिलावर, रामलाल शर्मा मौजूद रहेंगे। बैठक में सम्बंधित निगमों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की भी मौजूदगी रही। इसी बैठक में मेयर प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई।

गौरतलब है कि जयपुर ग्रेटर में कांग्रेस ने दिव्या सिंह को मेयर प्रत्याशी बनाया है। दिव्या कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय गुर्जर की बेटी हैं। संजय गुर्जर बारां-झालावाड़ से कांग्रेस पार्टी के लिए सांसद चुनाव लड़ चुके हैं। दिव्या सिंह शुरू से ही जयपुर ग्रेटर से कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी की दौड़ में बताई जा रही थी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article