अरशद आब्दी, ब्यूरो चीफ, झांसी (यूपी), NIT:

कमिश्नर श्री सुभाष चंद्र शर्मा ने आज प्रातः 10:20 बजे जल संस्थान कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय तृतीय श्रेणी के 11 कर्मचारियों में से 01 लिपिक और 07 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में से 03 कर्मचारी उपस्थित मिले। कमिश्नर ने 10:35 बजे तक निरीक्षण के समय महाप्रबंधक सहित अन्य कोई अभियंता भी उपस्थित नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक को निर्देश दिए हैं कि यह बेहद लापरवाही है, अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों का तीन दिन में स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए कृत कार्यवाही से अवगत कराना सुनिश्चित करें।

प्रशासनिक भवन कार्यालय में भी कोई उपस्थित नहीं मिला। कमिश्नर ने ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया जहां पर पम्प ऑपरेटर भी उपस्थित नहीं मिला। परिसर में खाली टैंकर खड़े हुए थे, प्लाण्ट पर भी कोई अभियंता उपस्थित नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिये। प्लांट की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह से टूटी हुई थी। परिसर में सफाई व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। कार्यालय भवन के ऊपर पेड़ पौधे घास उगी हुई थी। उक्त सभी व्यवस्था में सुधार के लिए महाप्रबंधक मंजू गुप्ता को निर्देशित किया गया है।
