बट्टी परिवार के बीच पहुंचे नकुल- कमलनाथ, आदिवासी नेता की असमय मृत्यु पर जताया गहन शोक | New India Times

आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

बट्टी परिवार के बीच पहुंचे नकुल- कमलनाथ, आदिवासी नेता की असमय मृत्यु पर जताया गहन शोक | New India Times

मैं जिले के चिरपरिचित आदिवासी नेता, पूर्व विधायक व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मनमोहन बट्टी जी के असामायिक निधन पर स्तब्ध हॅू परंतु यह मनुष्य जीवन का अंतिम सत्य भी है जिसे न चाहते हुये स्वीकारना ही पड़ता है। मैं अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त करते हुये स्व. बट्टी जी की आत्मा की शांति की ईश्वर से कामना करता हॅॅू। 
उक्त उदगार आज प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व छिंदवाडा विधायक श्री कमलनाथजी ने स्व. बट्टी जी के गृहग्राम देवरी पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजली अर्पित करते हुये व्यक्त किये। गौरतलब है कि अपने छिंदवाडा प्रवास पर आने के पश्चात श्री कमलनाथ जी एवं सांसद श्री नकुलनाथ जी अपने निज निवास जाने व अन्य किसी कार्यक्रम में उपस्थित होने से पूर्व हेलीकाप्टर द्वारा सीधे बटकाखापा व वहां से ग्राम देवरी पहुंचे तथा बट्टी परिवार से सभी सदस्यों से भेंटकर उन्हे ढांढस बंधाया तथा आश्वस्त किया कि वे एक परिवार के सदस्य की तरह सदैव उनके साथ हैं। 

बेटी मोनिका ने श्री कमलनाथ को दिया आवेदन गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्षा एडवोकेट मोनिका बट्टी ने श्री कमलनाथजी द्वारा पुष्पांजली अर्पित करने के उपरांत अपने पिता स्व. श्री बट्टी जी की संदेहास्पद मृत्यु की जांच किये जाने के संदर्भ मे एक आवेदन प्रस्तुत किया है जिसमें उन्होंने इस बात का उल्लेख किया है कि उपचार के चलते अस्पताल में उनके पिता के निधन के उपरांत पहले उनकी मृत देह परिवारजन को सौंप दी गयी थी परंतु बाद में उनका मृत शरीर वापिस ले लिया गया साथ ही आज दिनांक तक न तो उनकी बीमारी, उनके उपचार व उससे संबंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज बट्टी परिवार को सौंपे गये हैं। इस संदेहास्पद मृत्यु की सघन जांच होनी चाहिये। उन्होंने श्री कमलनाथ जी पर पूरा भरोसा जताते हुये तत्काल जांच की मांग की है। बट्टी परिवार से चर्चा के उपरांत श्री कमलनाथ जी ने उन्हें आश्वस्त किया है कि मैं इस घटना की जांच अवश्य कराऊंगा। 
सांसद के संवेदनापत्र के प्रति आभार माना- स्व. श्री बट्टी जी के निधन की सूचना मिलते ही जिले के सांसद श्री नकुलनाथजी ने अपने एक संवेदना पत्र में स्व. बट्टी जी की बेटियो को बहन संबोधित करते हुये इस दुख की घडी मे उनके साथ होने की बात कही थी साथ ही बटटीजी की कार्यशैली की चर्चा कर अनेकों जीवंत संस्मरणों का उल्लेख भी किया था जिसे पढ़कर संपूर्ण बट्टी परिवार अपने आंसुओं को नहीं रोक सका। अपने परिवार के प्रति सांसद के इस स्नेह पर उन्होंने श्री नकुलनाथजी का आभार माना। ग्राम देवरी में स्व. बट्टी जी के निजनिवास पर हुई इस श्रद्धांजली सभा में श्री कमलनाथजी, श्री नकुलनाथजी व भोपाल से उपस्थित हुये मिर्ची बाबा सहित विधायक कमलेश शाह, सुनील उइके, नीलेश उइके, सुनील श्रीवास्तव, अफरोज खान सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे तथा सभी ने कोरोना संक्रमण काल के चलते निर्धारित नियम व नीति का पालन किया। 

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version