साबिर खान/अबरार अहमद खान, सिद्धार्थ नगर/ लखनऊ (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिला के इटवा कस्बे की मशहूर शिक्षण संस्थान अल फारूक़ इंटर कॉलेज परिसर में बसों में हुई तोड़फोड़ व आगजनी को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

बसपा नेता हाजी अरशद खुर्शीद ने आज अल फारूक़ इंटर कॉलेज पहुंच कर घटना की जानकारी ली, उसके बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बड़े ही दुख की बात यह कि प्रदेश के शिक्षा मंत्री स्थानीय विधायक हैं लेकिन उन्होंने इस शिक्षण संस्थान पर हुए इतनी बड़ी घटना की निंदा तक नहीं की। बसपा नेता ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुऐ कहा कि 5 दिन बीत चुके हैं उसके बावजूद पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो काॅलेज के साथ बड़ा आंदोलन करने पर बाध्य होंगे।

ध्यान रहे कि विगत रविवार की रात को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने सिद्धार्थ नगर जिला के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान अल फारूक़ इंटर कॉलेज इटवा के कैम्पस में खड़ी 5 स्कूली बसों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी जिसमें तीन बसें जल गई थीं। इस दौरान बदमाशों ने बेजुबान जानवर कुत्ते को भी नहीं बख्शा, बसों को नुकसान पहुंचाने के साथ साथ इन शैतानों ने एक कुत्ते को भी मार कर जला दिया था लेकिन इतने बड़े मामले में शासन-प्रशासन का रवैया ढुलमुल दिख रहा है जबकि इटवा विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित भाजपा के विधायक इसी राज्य के मंत्री भी हैं।
