राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

विश्वव्यापी कोरोना वायरस महामारी के बीच जहाँ लोग विभिन्न प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं वहीं दूसरी ओर इस महामारी के बीच उन परिवारों को परेशानी का सामना करना पड रहा है जो रोज कमाते खाते हैं। इस बीच प्रशासन का बेरहम चेहरा प्रशासन पर लाख सवाल खडे कर रहा है।

इंदौर में हाथ ठेलों पर कार्यवाही की तस्वींरें लोग अभी भूले भी नहीं थे कि अब दूसरी तस्वीरें सागर जिले के देवरी से निकलकर सामने आई हैं जहां प्रशासन ने अपनी पीठ थपथपाने के लिए फेरी लगाने वाले फुटकर सब्जी एवं फल विक्रेताओं के ऊपर कार्रवाई कर दी।
स्थानीय प्रशासन ने देवरी नगर के विभिन्न स्थानों पर फेरी लगाकर सब्जी एवं फल बेच रहे दुकानदारों पर कार्यवाही की है। यहां पर सब्जी विक्रेताओं के हाथ ठेले सामान सहित नगरपालिका एवं पुलिस प्रशासन के द्वारा ट्रालियों में भरकर ले गये जबकि प्रशासन के सामने पीड़ित हाथ जोड़ते रहे लेकिन प्रशासन ने एक न सुनी।
वहीं हाथ ठेले वालों ने आरोप लगाए हैं कि प्रशासन के द्वारा एलाउन्समेंट तो कराया गया था लेकिन आधी अधूरी जानकारी दी गई थी। एलाउन्समेंट में कहा गया था कि रक्षा बंधन त्यौहार पर किला मैदान में दुकानें लगेंगी लेकिन यह नहीं बताया गया कि कब से किला मैदान में दुकानें लगेंगी और आनन फानन में कुछ समय बाद यह कार्यवाही कर दी। गरीब सब्जी विक्रेता कुछ समझ पाते कि प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए सामान सहित ट्रेक्टर ट्राली में भरकर ले गये जिससे विक्रेताओं मे भारी रोष व्याप्त है। नगरपालिका की इस कार्यवाही में पुलिस बल भी मौजूद रहा।
