साबिर खान, सिद्धार्थ नगर/लखनऊ (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जिला के इटवा कस्बे की मशहूर शिक्षण संस्थान अल फारूक़ इंटर कॉलेज परिसर में खड़ी पांच स्कूली बसों में रविवार की देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर आग लगा दी जिससे तीन बसें जल गई हैं। इस आगजनी में दो बसें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार परिसर में संस्थान की 18 बसें खड़ी थीं। इस समय विद्यालय में कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण पठन-पाठन नहीं हो रहा है। प्रशासन ने विद्यालय में क्वारंटाइन व स्कैनिंग सेंटर स्थापित किया था। रविवार रात किसी ने बस में आग लगा दी जिससे दो बसों का पहिया व सीट जलकर पूरी तरह से राख हो गया है।

स्कूल प्रबंधक मौलाना शब्बीर अहमद ने बताया कि तीन दशक से विद्यालय चल रहा है और हमारा किसी से विवाद भी नहीं है। उन्होंने बताया कि इटवा थाना में तहरीर दे दी गई है और पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर पूछताछ भी की है।

इस पूरे मामले को लेकर जिले में तरह-तरह की बातें हो रही हैं जबकि पुलिस पूरे मामले को लेकर गहनता से जांच कर रही है, उम्मीद की जा रही है कि उपद्रवी जल्द ही बेनक़ाब हो कर सलाखों के पीछे पहुंचेंगे।
