अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा तहसीलके अंतर्गत ग्राम भीमपुरा में रविवार सुबह बड़ी तादाद में ग्रामीण महिलाएं एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए हाथों में डंडे लेकर गांव में चल रही शराब दुकान पर पहुंच कर जमकर तोड़फोड़ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भीमपुरा ग्राम के मुख्य सड़क मार्ग पर बीते कई सालों से एक शराब की दुकान चल रही है। इस शराब दुकान को हटाने के लिए ग्रामीण महिलाओं ने हाल ही में जिला कलेक्टर सहित स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। साथ ही अल्टीमेटम दिया था कि दुकान नहीं हटाई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। रविवार सुबह 10.30 बजे बड़ी तादाद में महिलाएं इकठ्ठी हुईं और नारेबाजी करते हुए हाथों में डंडे लेकर गांव में चल रही शराब की दुकान पर पहुंच कर तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस बल बड़ी संख्या में पहुंच गया, लेकिन पुलिस की उपस्थिति में भी महिलाएं शराब दुकान में तोड़फोड़ करती रहीं। घटना की सूचना जैसे ही आष्टा तहसीलदार महेश अग्रवाल को लगी वह पुलिस बल के साथ मौके पर आक्रोशित महिलाओं को समझाने पहुंचे, लेकिन महिलाओं ने एक नहीं सुनी और जमकर नारेबाजी करने लगीं। महिलाओं सहित ग्रामीणों का कहना है कि अविलंब गांव से शराब की दुकान (कलारी) हटाई जाए नहीं तो इसी तरह उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। लंबे समय तक आष्टा तहसीलदार ने आक्रोशित महिलाओं को समझने का प्रयास किया ,लेकिन महिलाओं के आगे प्रशासन भी बेबस नजर आ राह था।
