रहीम शेरानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

आज जहाँ पूरा विश्व कोविड -19 से लड़ रहा है वहीं मध्यप्रदेश के आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले की थांदला तहसील के पत्रकार नगर व आसपास के गरीब ग्रामीण लोगों को भोजन के पैकेट पहुंचा कर जनसेवा कर रहे हैं।
उनका कहना है इस समय अनेक परिवार के पास काम नहीं है, वह आर्थिक तंगी के चलते भूखे न रहें इसलिए यह कार्य कर रहे हैं।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लॉक डाउन की घोषणा की तब से लेकर आज तक थांदला के पत्रकार निरन्तर सेवा कार्य में लगे हुए हैं।
नगर की समस्याओं के साथ शासन प्रशासन की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए पत्रकार नगर व आसपास के लोगों को भोजन के पैकेट पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं। नेचरल गोल्ड व अन्य जनप्रतिनिधियों के विशेष सहयोग से चलने वाले भोजन पैकेट वितरण से नगर में कोई भूखा नही रहेगा।
नगर परिषद उपाध्यक्ष मनीष बघेल के भागीरथी प्रयासों से स्वल्पाहार के रूप में शुरू इस अभियान में आज उन्हीं की तरफ से आदिवासी खास डिश मक्का की रोटी व बैंगन का भर्ता बनाया गया है। यहां प्रतिदिन अलग अलग तरह का स्वादिष्ट भोजन के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। स्वादिष्ट खाना खाकर गरीब इनको दिल से दुआएं दे रहे हैं।
