अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर अब डीजे नहीं बजाए जा सकेंगे और न ही बारातों में लोग सड़कों पर डीजे पर डांस कर सकेंगे। जिला प्रशासन सोमवार से इस पर रोक लगाने जा रहा है। मैरिज गार्डन में भी डीजे बजाना है तो सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी से तय मानक के तहत ही बजाया जा सकेगा। रात 10 बजे के बाद इन जगहों पर भी रोक रहेगी।
एडीएम जीपी माली के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम, मंदिरों में होने वाली पूजा-अर्चना और मस्जिदों में होने वाली अजान के लिए लगाए गए लाउडस्पीकर में राहत दी जाएगी। विशेष परिस्थिति में एसडीएम डीजे के संचालन की अनुमति जारी करेंगे।
एडीएम का कहना है कि लोगों को बारात निकालना है तो सिर्फ बैंड-बाजे की ही अनुमति रहेगी। सड़क पर डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
