यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए सरकार आमजनों से बचाव के लिए हर जरुरी सुरक्षा उपाय कर रही है। कोरोना वायरस बीमारी की भयावहता के कारण सरकार से लेकर आमजन तक सभी चिन्तित हैं लेकिन कई राज्यों से कुछ ऐसी घटनाओं की जानकारी मिली है कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग इस माहौल का फायदा उठा कर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं इसलिए धौलपुर के सभी आमजनों को सूचित किया जाता है कि सरकार द्वारा किसी भी प्रकार का कोई दल या टीम घरों या दुकानों के सेनिटाईजेसन के लिए नहीं भिजवाये जा रहे हैं। इसलिए आप सभी सजग रहे क्योंकि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग इस तरह के समूह या टीम का सदस्य होने का बहाना करके घरों या दुकानों आदि में लूटमार, मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम दे सकते है। अतः अपने घर का दरवाजा खोलने से पूर्व उनकी सरकारी आई.डी. एवं अस्पताल से सम्बंधित होने के प्रमाण पत्र इत्यादि महत्वपूर्ण कागजात देखकर संतुष्ट होने के पश्चात ही घर के अन्दर जाने दे, किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए और इस प्रकार के कोई आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों या टीम के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने जिले के सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने थाना क्षेत्र के लोगों को जन-सम्पर्क सभा एवं सीएलजी मीटिंग लेकर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से सजग रहने के समझाइश करें।
