यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने पुलिस लाइन के नवनिर्मित सभागार में जिले के समस्त वृत्ताधिकारियों व थानाधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली।
अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने अपराधों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिक समय से लंबित मामलों विशेषकर सम्पत्ति सम्बंधी मामलों में माल बरामद कर तत्काल निस्तारण किया जाए, थानों पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की उचित व्यवहार से उसकी समस्या सुनें और निस्तारण करें। इसके साथ ही लोकल व स्पेशल एक्ट में अधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। अवैध चम्बल बजरी परिवहन के प्रकरणों में जब्त शुदा वाहन को राजसात करवाने के लिए भी समुचित कार्यवाही करने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने सभी वृत्ताधिकारी और थानाधिकारियों को सर्किलवार व थानेवार क्षेत्र के Top-10 अपराधियों की सूची तैयार करने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए हैं। सभी थाना प्रभारियों से उनके क्षेत्र में हुए गंभीर अपराधों की जानकारी लेते हुए उनका निस्तारण करने एवं बदमाशों के खिलाफ भी सख्ती के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थानों पर लम्बित सम्मन, वारण्टों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। आगामी चुनाव को मद्देनजर रखते हुए शांति पूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को भी कहा गया है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु यातायात नियमों की पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए साथ ही पुलिसकर्मियों द्वारा हेल्मेट पहन कर वाहन नहीं चलाने पर चालान करने के स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही होली के त्यौहार पर जिले में पूर्ण शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये हैं। अपराध गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र वर्मा सहित जिले के समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, प्रभारी यातायात पुलिस व मानव तस्करी विरोधी यूनिट उपस्थित रहे।
