त्रिवेंद्र जाट/परसराम साहू, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

देवरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत डोभी व ग्राम पंचायत सुना में आज शनिवार को करीब 26 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री व देवरी क्षेत्र के विधायक श्री हर्ष यादव व विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष देवरी आंचल आठया व जनभागीदारी अध्यक्ष देवरी कॉलेज आशीष बाबा राजोरिया के कर कमलों द्वारा सामुदायिक भवन, स्वागत गेट, सी सी रोड़ आदि विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये मंत्री श्री यादव ने कहा कि डोभी ग्राम व सुना ग्राम के लोगों से मेरा बहुत गहरा व घनिष्ठ सम्बध जुडा हुआ है, आज मैं मंत्री भी हूं तो आप सब के आर्शीवाद से हूँ। आज जो भी विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है ये अभी शुरुआत है, आप सब की जो भी मांग होगी सभी मांगों के कार्य निश्चित रूप से किये जायेंगे व विकास का दौर चलता रहेगा, में आप लोगों के लिये मंत्री या विधायक नहीं हूं, आपके बीच का व्यक्ति ही हूँ। मैं सदा आपके साथ खडा हूं, आप सब की व क्षेत्र की समस्या का निराकरण करना मेरा प्रथम कर्तव्य है। कार्यक्रम के बाद सलैया ग्राम में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण भी किया गया।
