इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

दमोह रेलवे स्टेशन पर देर रात प्लेटफॉर्म परिसर में सो रहे मुसाफिरों पर जीआरपी के आरक्षक ने शराब के नशे में जमकर लाठियाँ भाँजी और उत्पात मचाया। रेलवे पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह ट्रेन की सुरक्षा के साथ साथ आम मुसाफिरों की भी हिफाज़त करे लेकिन देश भक्ति जन सेवा का नारा शायद दमोह जीआरपी पुलिस भूल चुकी है।

दरअसल बीती रात रेलवे स्टेशन परिसर में सो रहे मुसाफिरों को जीआरपी चौकी में पदस्थ आरक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शराब के नशे में कई लोगों के साथ जमकर मारपीट की। हद तो तब हो गई जब गहरी नींद में सो रहे व्रद्ध लोगों को सोते से उठा उठा कर लाठियों से मारपीट की जो कैमरे में कैद हो गया है। जब इस संबंध में हमारे संवाददाता इम्तियाज़ चिश्ती ने आरक्षक को उसी का वीडियो दिखाकर बात की तो पहले तो मुकर गया लेकिन अपनी गलती स्वीकार भी कर ली।
