संदीप शुक्ला, इंदौर/भोपाल (मप्र), NIT:

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदौर श्रीमती रुचि वर्धन मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक इन्दौर (पूर्व) श्री मोहम्मद युशुफ कुरैशी द्वारा आदतन अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तारतम्य में अति. पुलिस अधीक्षक जोन 03 पूर्व डॉ. प्रशान्त चौबे व नगर पुलिस अधीक्षक परदेशीपुरा श्री निहित उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना हीरानगर पुलिस द्वारा क्षेत्र के लिस्टेड बदमाश रमाकांत पिता माधव सिंह उर्फ महेश परमार उम्र 27 साल नि न्यू गौरी नगर इंदौर के विरुद्ध रासुका की कार्यवाही की गयी है।
आरोपी रमाकांत परमार के विरूद्ध थाना क्षेत्र में हत्या का प्रयास, बलात्कार, मारपीट, धमकी देने, अवैध शस्त्र रखने जैसे गम्भीर किस्म के कुल 14 अपराध पंजीबद्ध है। उक्त बदमाश द्वारा लोगों को डरा धमकाकर रूपयों की अवैध वसूली की शिकायतें भी प्रकाश में आई थी तथा इसके द्वारा पिछले वर्ष घटित एक बलात्कार के प्रकरण की पीड़िता को भी अभी हाल ही में धमकाया गया था। क्षेत्र के लोगों को इसके भय व अपराध से मुक्त करने हेतु उक्त रमाकांत परमार के विरूद्ध रासुका की कार्यवाही की जाकर जिला दण्डाधिकारी महोदय इन्दौर द्वारा उसका गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया जिस पर से उक्त बदमाश को गिरफ्तार कर आज सेन्ट्रल जेल भोपाल में निरूद्ध किया गया है।
