मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला हज कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष हाजी मतीन अजमल और उपाध्यक्ष रियाजुल हक अंसारी ने बताया कि पवित्र हज यात्रा 2020 के हज आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर 2019 निर्धारित थी लेकिन हज कमेटी ऑफ इंडिया मुम्बई ने यह तारीख बढ़ाकर अब 17 दिसंबर 2019 तक करते हुए तदाशय का आदेश भी जारी कर दिया है। ज़िला हज कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने बताया कि आज 5 दिसंबर 2019 तक बुरहानपुर जिले के 221 हज आवेदकों ने हज 2020 के लिए अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कराए हैं। दोनों पदाधिकारियों ने बताया कि ज़िला हज कमेटी बुरहानपुर के माध्यम से 124 आवेदकों ने और अंजुमन खुद्दामुल हुज्जाज बुरहानपुर के माध्यम से 97 हज आवेदकों ने इस प्रकार आज तक 221 आवेदन पत्र जमा हुए हैं, जबकि विगत वर्ष अर्थात हज 2019 के लिए अंतिम तिथि तक 350 के लगभग आवेदन पत्र भेजे गए थे जो कि गत वर्ष की तुलना में 63 प्रतिशत ही हैं अर्थात 37% कम आवेदन पत्र हज 2020 हेतु आए हैं। इसी तरह विगत वर्ष हज 2019 हेतु बुरहानपुर जिले के 206 हाजियों का चयन हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हुआ था जबकि इस साल 221 आवेदन पत्र ही आए हैं अर्थात यह कहा जा सकता है कि वेटिंग लिस्ट क्लियर होने तक (इंशा अल्लाह) बुरहानपुर के सभी हाजियों को पवित्र हज यात्रा पर जाने का सौभाग्य प्राप्त होगा। ज़िला हज कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष हाजी मतीन अजमल से कम आवेदन पत्र प्राप्त होने के विषय में चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि नई हज नीति में 4 साल के आरक्षित वाला प्रावधान समाप्त किए जाने से और आमजन द्वारा हज के स्थान पर उमरा को प्राथमिकता दिए जाने से तथा मार्केट की स्थिति खराब होने के कारण हाजी गण अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत नहीं कर पा रहे हैं। वहीं धार्मिक उलमाओं से भी निवेदन है कि जुमे या अन्य नमाज़ों में उमरा के स्थान पर पवित्र हज यात्रा पर जाने के लिए प्रेरित करें। हज के लिए कम लोगों का आवेदन करना चिंता का विषय है।
