गुलशन परूथी/पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

विधायक श्री मुन्नालाल गोयल के मुख्य आतिथ्य में पटेल नगर में एस.पी. ऑफिस से सिल्वर ओक होटल होते हुए यूनिवर्सिटी रोड तक 72 लाख रूपये की लागत से बनी सड़क का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित रहवासियों को सम्बोधित करते हुए विधायक श्री मुन्नालाल गोयल ने कहा कि यहां के रहवासी पिछले काफी अरसे से इस सड़क मार्ग पर हुए गड्ढों से परेशान थे यह सड़क कई स्थानों पर जीर्ण शीर्ण हालत में थी तथा बारिश के दिनों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र का यातायात आवागमन सुगम हो सकेगा।
विधायक गोयल ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास मुझे दिया है मेरी जिम्मेदारी है कि क्षेत्र की जनअपेक्षाओं के अनुरूप क्षेत्र की प्रगति और विकास का काम मैं करूं, इसी दिशा में आगे बढ़ रहा हूँ। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जीवन की अन्तिम सांस तक क्षेत्र की प्रगति एवं विकास के लिये लगातार अपने दायित्वों का निर्वाह करता रहूंगा।
इस लोकार्पण कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व पार्षद नरेन्द्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह नेताजी, सत्यभान चैहान, धर्मेन्द्र शर्मा, पुरूषोत्तम बोरिया, कमलेश कौरव, आदित्य सेंगर, आनंद गुप्ता, कुलदीप यादव, मयंक महाजन, अंकुर गोयल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
