राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

प्रधानमंत्री आवास योजना के 350 सूची में शामिल हितग्राहियों को प्रथम किस्त खातों मे डली गई है और चौथी सूची की 240 हितग्राहियों के खातों में जल्द आने की संभावना है। हितग्राहियों में आवास योजना की राशि आने से खुशी की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ अब नगर के परिवारों को बराबर मिल रहा है इसका उदाहरण शनिवार को देखने को मिला जब सुबह से नगरपालिका परिषद में नगर के नागरिकों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभान्वित परिवारों की भीड़ देखने को मिली। प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभान्वित परिवारों का नगर पालिका में तांता लगा रहा।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मयंक चौरसिया ने सभी वार्डों के बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि नगरपालिका में आने वाले किसी भी परिवार के सदस्य को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसलिए नगरपालिका अध्यक्ष ने सभी बी.एल.ओ. को निर्देशित किया कि सभी बी.एल.ओ. नगरपालिका में उपस्थित रहें ताकि हितग्राहियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगरपालिका अध्यक्ष मयंक चौरसिया ने बताया कि 350 सूची में शामिल हितग्राहियों की राशि एक लाख रुपए की प्रथम किस्त डाली गई है और चौथी सूची मे शामिल सभी हितग्राहियों की राशि चार से पांच दिनों के अंदर उनके खातों मे डाली जाएगी।
इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष नगरपालिका में उपस्थित सभी हितग्राहियों से कहा कि किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी को किसी भी प्रकार की राशि नहीं देना है और न ही किसी भी प्रकार से परेशान होने की जरूरत है।
नपा अध्यक्ष ने बताया कि हमारे कार्याकाल में लगभग 1000 लोग इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। नगर में निवासरत गरीब परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
