पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि ग्वालियर किलागेट चौराहे का समग्र विकास करने का प्लान 15 दिन में तैयार किया जाए। किलागेट चौराहे को भव्य सुंदर और सुविधायुक्त बनाया जाए। इसके लिए सभी विभाग समन्वित रूप से अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों को तत्परता से अंजाम दें।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरूवार को बाल भवन में किलागेट चौराहे के विकास के संबंध में अधिकारियों की बैठक में यह बात कही। बैठक में कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम श्री नरोत्तम भार्गव, सीईओ स्मार्ट सिटी श्री महिप तेजस्वी, अधीक्षक पुरातत्व विद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण भोपाल श्री भुवन विक्रम, सहायक पुरातत्व विद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ग्वालियर श्री शशिकांत राठौर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बैठक में कहा कि किलागेट पर स्थित पुलिस थाने को अन्यत्र स्थापित किया जाए। थाने के स्थान पर दो मंजिल पार्किंग तथा गार्डन का विकास करने के साथ-साथ दुकानदारों का व्यवस्थापन हो, ऐसा प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किलागेट चौराहे की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। चौराहे पर लगने वाले अस्थाई दुकानदारों और ठेलों को भी व्यवस्थित स्थल पर शिफ्ट करने का कार्य किया जाए।
खाद्य मंत्री श्री तोमर ने कलेक्टर श्री चौधरी से कहा कि ग्वालियर किलागेट पर स्थित थाने को नया बनाने के लिए प्रशासन शीघ्रता से पुलिस विभाग को स्थल उपलब्ध कराए, ताकि पुलिस हाउसिंग के माध्यम से नए थाने का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि चौराहे की सभी सड़कों को व्यवस्थित करने का कार्य भी नगर निगम तत्परता से करे। किले के चारों ओर लाइटिंग का कार्य भी स्मार्ट सिटी के माध्यम से तत्परता से कराने की कार्रवाई की जाए।
ग्वालियर के ऐतिहासिक किले को देखने आने वाले सैलानियों के लिए भी किलागेट पर आवश्यक व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। पुरातत्व विभाग भी अपनी ओर से पर्यटकों के लिए व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
