यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर जिले भर में मंगलवार को ताजिये के जुलूस निकाले गए और मुहर्रम के त्यौहार की दसवीं तारीख को कर्बला में उन्हें सुपुर्दे ख़ाक किया गया।
हज़रत हुसैन और उनके योद्धाओं की शहादत की याद में मनाए जाने वाला मुहर्रम के त्यौहार की दसवीं तारीख को धौलपुर जिले में ताजियों का जुलूस निकाल कर कर्बला में सुपुर्दे ख़ाक किया गया. मंगलवार को ताजियों के जुलूस का दौर शाम से रात तक तलैया, पुराना शहर, पटपरा, बजरिया, बड़ेपीर, गडरपुरा, हाथीवान, कच्ची कुई, पुरानी सराय सहित अन्य जगहों से प्रारम्भ हुआ और सभी एक जगह जुलूस में शामिल हो गए.
शहर के जुलूस में करीब पांच सौ ताजिये शामिल हुए, जिनके साथ दो दर्जन बैंड, एक दर्जन ढोल-ताशे और पांच अखाड़े साथ चल रहे थे. अखाड़ेबाज अपने हैरतअंगेज करतब दिखा रहे थे. ताजियों का जुलूस शहर के मुख्य मार्गो से निकाल कर ढोल व ताशों की मातमी धुन के साथ कर्बला मे सुपुर्दे ख़ाक किया गया. जिला पुलिस अधीक्षक ने त्यौहार पर भीड़ भाड़ वाले इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.
शहर में जगह-जगह रोशनी एवं लंगर की व्यवस्था भी की गई थी. ताजियों को देखने के लिए शहर भर से विभिन्न समुदाय के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. वही बाड़ी, बसेडी, राजाखेड़ा, मनियां, सरमथुरा सैपऊ सहित सम्पूर्ण जिले में करीब दो हजार ताजियों को मातमी धुन के साथ कर्बला में सुपुर्दे ख़ाक किया गया।
