त्रिवेंद्र जाट/राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

किसान मजबूत होगा तो मध्यप्रदेश मजबूत होगा, इसके लिए कमलनाथ सरकार किसानों के प्रति मन, वचन व कर्म के साथ कार्य कर रही है, इस आशय के विचार प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग केबिनेट मंत्री हर्ष यादव ने देवरी एवं केसली मण्डी प्रागंण में मृदा परीक्षण प्रयोगशाला भवनों लोकार्पण करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर संजय बिजपुरिया, संतोष पाराशर, शिवराज सिंह, आनंद सिंघई, गोविन्द सिंह, सीईओ केसली राजेश पटैरिया, वीपी पटैल, आरएस शर्मा, प्रदीप परिहार उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपने खेत की मिट्टी परीक्षण हेतु सागर के चक्कर लगाते थे जिसकी पीड़ा मुझे लंबे समय से थी। सोमवार को देवरी व केसली में मृदा परीक्षण प्रयोगषाला भवन का लोकार्पण हो जाने से न केवल किसानों की परेषानी दूर होगी बल्कि किसान अपनी जमीन का उर्वरक क्षमता का पता लगाकर फसल का उत्पादन कर आय को दोगुनी कर सकेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयोगशाला देवरी, केसली के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार किसानों के प्रति पूरे मन वचन कर्म से कार्य कर रही है।

राज्य सरकार ने प्रदेश के 22 लाख किसानों के ऋण माफ किए हैं और शेष किसानों के ऋण माफ करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेष सरकार शीघ्र ही दो ग्रामों के बीच एक किसानबंधु की नियुक्ति करने जा रही है। हर्ष यादव ने कहा कि किसान का पूरा जीवन कर्ज में निकलता है इसके लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं जिससे किसान अब कर्ज से मुक्त होगा। ग्रामोउद्योग मंत्री ने कहा कि एक करोड़ बिजली उपभोक्ताओं के लिए 100 यूनिट बिजली 100 रूपये में प्रदान करने वाला मध्यप्रदेश देश में प्रथम राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि सरकार 5 से 29 तारीख तक गरीबी रेखा में अपात्र व्यक्तियों के नामों को चिन्हांकित करने हेतु अभियान चलायेगी। जिससे अपात्र व्यक्तियों के नाम गरीबी रेखा से काटकर आवश्यकता वाले गरीब व्यक्तियों के नाम जोड़े जा सकेगे जिससे समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सकेगा। मिलावटखोरों पर बोलते हुए कहा कि शासन ने एक अभियान चलाकर कार्यवाही की है साथ ही मिलावटखोरों के विरूद्व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के व्यक्तियों के जीवन के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि समाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 300 से 600 रूपये की गई है। कार्यक्रम में राजेन्द्र जैन ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संदीप अरेले एवं आभार श्री प्रदीप परिहार ने माना।
