अविनाश द्विवेदी, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

बीती रात जन्माष्टमी के अवसर पर भिंड नगरपालिका द्वारा आयोजित 1 लाख 21 हजार की मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शहर के बीचो-बीच खंडा रोड पर किया गया। इस आयोजन में जिले भर की करीब एक दर्जन गोविंदाओं की टीम ने भाग लिया, सभी टीमों ने भारी मशक्कत की। रात 9 बजे से शुरू हुई मटकी फोड़ प्रतियोगिता आधी रात के बाद 1 बजे के बाद संपन्न हो सकी जब निश्चित ऊंचाई पर तान दी गई मटकी को कोई भी दल नहीं छोड़ सका तो कमेटी ने मटकी को 2 फुट नीचे करने का निर्णय लिया और उसके बाद पर्ची उठाकर दलों को आमंत्रित किया। जिस पर दबोहा मोड़ की टीम ने मटकी फोड़ने में सफलता प्राप्त की। इस टीम के गोविंदा बने श्यामवीर ने बड़े ही आकर्षक अंदाज में मटकी फोड़ी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह और एसपी रुडोल्फ अल्वारेस, नपा उपाध्यक्ष रामनरेश शर्मा व कई कांग्रेसी नेताओं ने विजेता टीम को एक लाख 21 हजार का चेक और ट्रॉफी प्रदान की। कार्यक्रम का जोरदार संचालन समाजसेवी गणेश भारद्वाज के द्वारा किया गया। जन्माष्टमी के इस पावन पर्व पर वृंदावन से आई नृत्यलीला का भी आनंद कृष्ण भक्तों के द्वारा उठाया गया।
