पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

जिला प्रशासन शहर में सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, अपर कलेक्टर श्री अनूप कुमार सिंह, श्री रिंकेश वैश्य, नगर निगम अपर आयुक्त श्री नरोत्तम भार्गव, एसडीएम श्री प्रदीप तोमर, एसडीएम श्री अनिल बनवारिया सहित अधिकारियों की टीम हजीरा क्षेत्र में निरीक्षण के लिए पहुँची। हजीरा क्षेत्र चार शहर का नाका एवं चंद्रबदनी नाका चौराहे पर कई स्थानों पर अतिक्रमण देखकर कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने तुरंत टीम बुलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए।

हजीरा पर शासकीय पटेल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास नाले की जमीन पर कुछ दुकानदारों ने कब्जा कर रखा था। जिसके कारण पानी का निकास नहीं हो पा रहा था और जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री चौधरी ने तुरंत टीम बुलाकर अतिक्रमण हटवाया। साथ ही राज मेडीकल स्टोर से चार शहर का नाका चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी दोपहर में की गई। जबकि कुछ दुकानदारों ने रोड़ पर सामान रखा है और अस्थाई निर्माण भी किया है, उन्हें दो दिन का समय दिया गया है। जिसमें वह स्वयं अतिक्रमण हटाएं अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जायेगी। चंद्रबदनी नाका चौराहे पर मुख्य मार्ग पर हुण्डई, रेनॉल्ट व शेर्वलेट स्पार्क कार शोरूम के पास अतिक्रमण देखकर एसडीएम श्री अनिल बनवारिया को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। दिनभर चली कार्रवाई में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
