गुलजार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
प्रदेश में बीजेपी सकार बनने के बाद भी अपराध में कुछ खास कमी नजर नहीं आ रही है। योगी सरकार के कुशासन के बडे बडे दावों के बावजूद पूरे प्रदेश में हत्या, फायरिंग व मारपीट के मामले बढते ही जा रहे हैं। ताजा मामला मैनपुरी जिले में सामने आया है, जहां अपराधियों ने बेखौफ होकर दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी है। सोमवार को दोनों के शव सड़क के किनारे पड़े मिले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक एटा जिले के रहने वाले दो युवक मैनपुरी किसी काम से आए थे। जिनकी अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी और लाश सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। यह घटना थाना औंछा क्षेत्र के दुल्हापुर के पास की है।
एटा निवासी शम्भू यादव पुत्र उजीर सिंह, राकेश कुमार पुत्र मिश्रीलाल यादव निवासी कायमपुर थाना सकीट के शव सोमवार सुबह सड़क के किनारे मिले हैं। मृतकों के परिजनों ने बताया कि राकेश की भतीजी की शादी मई माह में है। उसी के चलते शम्भू और राकेश दोनों मैनपुरी दूल्हापुर गांव में कोटा डीलर से चीनी लेने बाइक से गये थे, सुबह किसी ने फोन पर दोनों के शव पड़े की सूचना दी।
परिजनों ने मीडिया को बताया कि दोनों युवकों के शव दुल्हापुर गांव के पास सड़क किनारे मिली है। दोनों के सिर पर गोली के निशान थे। बाइक भी घटनास्थल पर नहीं मिली है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन विवाद के चलते योजना बनाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। औंछा थाने में भी आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
