सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा यूपी के सांसदों को नसीहत देने के बाद मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने विधायक को फरमान जारी कर दिया है। आज विधायक दल की बैठक में मुख्य मंत्री ने कहा कि यदि विधायक ठीक से काम नहीं करेंगे तो उनका पत्ता साफ किया जा सकता है।
शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों से कहा की जनता ने हमें अपने कामों के लिए चुना हैं। इस आने वाले कुछ दिनों में सभी विधायक अपना-अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाएं कि किसके क्षेत्र में कितना विकास हुआ है। इसी आधाररपर आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट बांटे जाएंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा की वह चाहते हैं कि भाजपा के सारे विधायक आने वाला अगला चुनाव लड़ें, इसके लिए आपके पास अभी सवा साल का समय है। अपने आपको जनता के सामने अपने कामों को साबित करें, ताकी आने वाले चुनावों में भी आपको टिकट दिया जा सके। टिकट काटने का मौका न दें। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा की सभी विधायकों को इस बजट सत्र में पर्याप्त राशि दी गई है, इसका ज्यादा से ज्यादा अपने क्षेत्र में उपयोग कर अपने रिपोर्ट कार्डों में सुधार कर खुद का मूल्यांकन स्वयं करें।
अटेर और बांधवगढ़ विधानसभा उपचुनावों को लेकर अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभाने को भी मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों से कहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव को जीतना ही हमारा उद्देश्य है, इसलिए सभी विधायक इसमें अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
सीएम ने विधायकों से आगामी 14 अप्रैल से शुरू हो रहे ग्रामोदय अभियान पर फोकस करने को कहा है साथ ही इस अभियान के दौरान हर क्षेत्र में गरीब कल्याण रैली निकाल कर सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को दिलाए जाने का निर्देश दिया है।
