जितेंद्र वर्मा, हरदा ( मप्र ), NIT;
जिलाधिकारी श्रीकांत बनोठ ने जिले के बैंकर्स एवं शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा है कि हरदा जिले में स्वरोजगार योजनाओं के वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्य हासिल कर लिए गए हैं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं में एन.पी.ए. वसूली हेतु सीईओ जनपद पंचायतों को बैंकों से सहयोग करने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त बैंकों के सभी बचत खातों में आधार एवं मोबाईल लिंकिंग का कार्य 31 मार्च 17 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई जिलास्तरीय परामर्श दात्री एवं पुर्नरीक्षा समिति की बैठक में यह जानकारी दी गई।
इस बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री जिनेन्द्र भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय उपाध्याय, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री ए.आर. जी राव मौजूद थे। श्री राव ने बताया कि जिले में खरीफ 2015 का बीमा क्लेम 175 करोड़ रूपए आया था जो कृषकों के खातों में जमा कर दिया गया है। जिले का वर्ष 2017 एवं 2018 का साख योजना जो लगभग 1483 करोड़ रूपए है को भी मिटिंग में अनुमोदित किया गया है।
