इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

आसमान से आग उगलता सूरज और नीचे तपती रेगिस्तान सी जमीन ऐसे में अगर कोई आपके सूखे कंठों की प्यास बुझाने ठंडा शीतल पानी का ग्लास आपके सामने ले आये तो उस कैफ़ियत का अंदाजा लगाना ही मुश्किल है पर हाँ ऐसा हो रहा है दमोह में जहाँ एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी है जो ये नेक काम में लगा हुआ है, जिसकी तारीफ अब आला अधिकारी भी करते नहीं थकते। दमोह ट्रैफिक पुलिस में प्रधान आरक्षक के पद पदस्थ ये हैं दिनेश गोस्वामी जो आज दमोह और आस पास के क्षेत्रों में काफी लोकप्रिय हो चुके हैं वो भी अपनी कार्यशैली के चलते। जी हां जो अपनी ड्यूटी तो ईमानदारी से करते हैं साथ ही समाज सेवा का जज़्बा इनके दिल में हमेशा से ही रहा है। दमोह ट्रैफिक के प्रधान आरक्षक दिनेश गोस्वामी की ड्यूटी जहाँ भी लगती है वहाँ से आने जाने वाला राहगीर इनका मुरीद हो जाता है। चाहे ठंड हो, तेज बारिश या फिर भीषण गर्मी ये किसी को परेशान नहीं देख सकते। अभी दमोह में तापमान एक सप्ताह से 47 के पार ही जा रहा है ऐसे में दिनेश गोस्वामी की जिस पॉइंट पर ड्यूटी लगती है वहीं पर आने जाने वाले वाहनों को रोककर वाहनों में बैठे लोगों को शीतल ठंडा जल का ग्लास लेकर पहुँच जाते हैं वाहनों के पास जो ठंडा पानी का गिलास देखकर पहले तो हैरत में पढ़ जाता है फिर पानी पीकर राहत की सांस लेकर पुलिकर्मी की तारीफ करते नहीं थकते। जब ट्रैफिक कर्मी लोगों के वाहनों को हाथ देकर रोकता है तो वाहन चालक के जहन में एक ही सवाल उठता है कि अभी चेकिंग होगी चालान कटेगा या फिर कागजात पूछेगा लेकिन वाहन जब पुलिस कर्मी के पास आता है तो वाहन चालक और यात्रियों के चेहरे पर अजीब सी चमक नजर आने लगती है। 
इस नेक काम से ना सिर्फ आम जनमानस ही नहीं बल्कि पुलिस विभाग के भी आला अधिकारी दिनेश गोस्वामी के कार्यो से खुश है जिन्हें दमोह एसपी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। अगर हर पुलिस कर्मी इसी तरह अपनी ड्यूटी के साथ जन सेवा करे तो पुलिस और आम जनता के बीच जो फासला है वो कम जरूर होगा।
