वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी की तहसील गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही का ताजा मामला सामने आया है, यहाँ बिजली का करेंट लगने से एक संविदा कर्मी घायल हो गया है। जेई ने लापरवाह संविदा कर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की है।
आपको बताते चलें कि विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के कारण पहले भी कई बार बिजली कर्मचारियों की मौतें हो चुकी हैं।

जानकारी के अनुसार जनपद लखीमपुर खीरी के गोला नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी घायल संविदा कर्मी सहीम बेग उर्फ गुड्डू पुत्र रफीक बेग ने बताया कि मोहल्ला हफीजपुर में 05 नंबर एचटी लाइन पर काम करने गया था जहाँ पर उसने गोला हाइडिल में सागर नाम के संविदा कर्मी से फोन पर सेट डाउन लेने के लिए बात की तो उसने बताया कि सेट डाउन ले लिया गया है अब तुम लाइन पर काम कर सकते हो, लेकिन क्या पता था कि सेट डाउन नहीं लिया गया है,और मैं उसकी बात मानकर खम्भे पर चढ़ गया। वहां पर मैं जैसे ही लाइन जोड़ने का प्रयास किया, वैसी ही मैं बस इतना ही जान पाया कि एक धमाकेदार आवाज हुई और मैं पूर्ण रूप से झुलसकर नीचे गिर गया।

हमारे संवाददाता ने जब बिजली विभाग के एसी से इस प्रकरण के संबंध में बात करनी चाही तो उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ जा रहा था वहीं जेई सिंह साहब से बात हुई तो उन्होंने कहा कि लापरवाह संविदा कर्मी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। वहीं बिजली के करेंट से घायल संविदा कर्मी गुड्डू के परिजनों ने लापरवाह संविदा कर्मी सागर के विरुद्ध विधिक कार्यवाही हेतु कोतवाली गोला गोकर्णनाथ में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देकर सूचना दे दी है। वहीं इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी बिद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय में ताला बंद पाया गया।
