सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
आईपीएस प्रमोद वर्मा की पत्नी निधि के खिलाफ दिल्ली की साकेत नगर कोर्ट ने वारंट जारी किया है। निधि ने प्रमोद वर्मा पर जो आरोप लगाए थे, वे झूठे निकले हैं। वर्मा ने कोर्ट में प्रमाणित किया था कि निधि बेहद खर्चीली महिला हैं। उनका बच्चों की परवरिश में कोई ध्यान नहीं था। कोर्ट ने निधि वर्मा को २३ मार्च को तलब किया है।
मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आईपीएस प्रमोद वर्मा ने कोर्ट में दिए गए जवाब में बताया है कि निधि वर्मा के आरोप झूठे हैं। प्रमोद वर्मा ने जवाब में प्रमाणित किया था कि उनकी पत्नी निधि असामाजिक व बेहद खर्चीली महिला हैं, जो पति व बच्चों की देखभाल से ज्यादा देर रात तक पार्टियों व गपसप में ज्यादा रुचि लेती थी। प्रमाण के तौर पर वर्मा ने मोबाइल फोन के बिल भी प्रस्तुत किये थे। कोर्ट ने पाया है कि निधि ने न केवल अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं, बल्कि सोची समझी रणनीति के तहत कोर्ट को भी गुमराह करने की कोशिश की है। कोर्ट ने उनके दिल्ली स्थित दो पतों पर वारंट जारी कर २३ मार्च को तलब किया है। ज्ञात हो कि मप्र पुलिस पहले ही इस मामले की जांच बंद कर चुकी है। अब निधि वर्मा पर गिरफ्तार की तलवार भी लटक रही है। विदित हो कि प्रमोद वर्मा पीएचक्यू में पदस्थापना के दौरान महिला अफसर के साथ संबंधों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनकी पत्नी ने ही यह आरोप लगाए थे। इसके बाद वह तबादला कराकर दिल्ली चले गए थे।
