हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

रामकोट थाना क्षेत्र में कांशीराम पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने समाचार पत्र विक्रेता से लूटपाट की। बाइक सवार बदमाश समाचार पत्र विक्रेता को रेलवे लाइन के किनारे उठा ले गए। वहां पर जमकर पिटाई की और नकदी लूट ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दो बदमाशों को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
रामकोट थाना क्षेत्र के मोहल्ला कांशीराम कॉलोनी निवासी अभिषेक तिवारी समाचार पत्र बेचकर घर का खर्च चलाता है। शुक्रवार की भोर वह पैदल ही अखबार के सेंटर पर जा रहा था। रास्ते में कांशीराम पुलिस चौकी से चंद कदम दूरी पर काली माता मंदिर के करीब बाइक सवार चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश वहीं पर उतर गया। जबकि तीन बदमाशों ने अभिषेक को उठाकर जबरन बाइक पर बिठा लिया। जिसके बाद उसे रेलवे लाइन के किनारे होते हुए सहसापुर के निकट तालाब के पास सूनसान स्थान पर ले गए। यहां पर बदमाशों ने 1250 रुपये की नकदी लूट ली और मोबाइल छीनकर फेंक दिया। अभिषेक ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी। जिसके बाद मुंह न खोलने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रामकोट थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष उमाकांत दीपक ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तालाश की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
