शारिफ अंसारी, ब्यूरो चीफ, थाना (महाराष्ट्र), NIT:

भिवंडी के मनकोली नाके पर उस समय माहौल खराब हो गया जब जनता द्वारा पकड़े गए चैन स्नैचर को घटना स्थल से ले जाने पहुंची पुलिस की कार में लोहे का रॉड, कटर एवं हतौड़ा देख लोगों ने पुलिस को स्नैकर का साथी समझ पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस प्रकरण में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसे लेकर इलाके में दहशत व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार भिवंडी तालुका के भरोड़ी गांव में रहने वाली सुवर्णा भगत अपने पति प्रदीप भगत के साथ मोटरसाइकिल द्वारा टेमघर में आयोजित हल्दी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बुधवार की रात 10 बजे वापस अपने घर जा रही थी कि इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल से हेल्मेट लगाकर आए चैन स्नैचर ने सुवर्णा भगत के गले से साढ़े नौ तोला सोने का चैन, मंगलसूत्र एवं हार गले से खींचकर फरार होने लगा जिसके बाद प्रदीप भगत द्वारा शोर मचाने के परिणामस्वरूप मानकोली नाके के पास एक टेंपो चालक ने मोटरसाइकिल के सामने टेंपो लगाकर उसे रोक दिया और वहां जमा नागरिकों ने चैन स्नैचर को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। उसी समय वहां पहुंची नारपोली पुलिस जब चैन स्नैचर को पकड़कर निजी कार में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले जाने लगी तो जनता को कार में रॉड, कटर, हतौड़ा दिखा जिसके बाद मौके वारदात पर मौजूद पुलिस को स्नैचर के साथी होने की पर संदेह पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस पर पथराव करके हमला करने की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त नितिन कौसडीकर, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मालोजी शिंदे सहित भारी संख्या में अधिक पुलिस के जवान तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गए और पवई के रहने वाले चैन स्नैचर निलेश भोईर को गिरफ्तार करके नारपोली पुलिस स्टेशन ले आई। निलेश भोईर ने बताया कि वह अखिल भारतीय सेना वार्ड क्रमांक- 156 का वार्ड अध्यक्ष है।
पुलिस पर हमला करने के मामले में पुलिस ने ऋषिकेश जोशी, सूर्याजी दिवेकर, प्रफुल्ल पाटिल, परेश पाटिल, राहुल पाटिल एवं मनोज भगत सहित 6 लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 353, 332, 341, 324, 323, 504, 42, 141, 142, 143, 144, 147, 149, 150, 151, 152 एवं 153 के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
