पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

ग्वालियर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुराग चौधरी ने गोरखी स्थित कोषालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से 24 घंटे निगरानी होनी चाहिए। यहाँ पर विद्युत के लिए ओपन वायर को देखकर इसे सुव्यवस्थित करने को कहा। उन्होंने साफ-सफाई कराने तथा वहाँ पर फैले अनुपयोगी सामान को हटाने के निर्देश दिए।
लोकसभा चुनाव 2019 के लिए ईवीएम-वीवीपैट मशीनें उपयोग में लाई जा रही हैं। इन मशीनों के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। इसमें चार प्रकार की मशीनें हैं। जिनमें से कुछ मशीनें शासकीय एमएलबी कॉलेज के स्ट्रांग रूम में रखी गईं हैं जबकि कुछ ऐसी मशीनें हैं जो मॉकपोल या मॉकपोल से पहले ही खराब हो चुकी हैं। जिन मशीनों में वोट नहीं डाले गए हैं, उन्हें गोरखी स्थित कोषालय में रखा गया है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ईवीएम-वीवीपैट को स्ट्रांग रूम में रखा गया है। कलेक्टर इस व्यवस्था का जायजा लेने पहुँचे थे।
