वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में विगत दिनों थाना नीमगांव व थाना फूलबेहड क्षेत्रान्तर्गत अज्ञात बदमाशों द्वारा बैंक मित्रों के साथ की गई लूट की घटना जिसके संबंध में स्थानीय थाने में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस अधीक्षक महोदया खीरी द्वारा टीम गठित कर उक्त घटनाओं के यथाशीघ्र अनावरण हेतु निर्देशित किया गया था। जिसके मद्देनजर आज दिनाँक 01.05.19 को थाना नीमगांव पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर शिवालय चौराहे से घटना कारित करने के वांछित अभियुक्तों में रिंकू सिंह उर्फ धीरेंद्र सिंह पुत्र वीरेंद्र प्रताप सिंह निवासी उलरा थाना मानपुर जनपद सीतापुर, अमरेंद्र शुक्ला उर्फ अजय पुत्र रामचंद्र निवासी पिपरा थाना मितौली जनपद खीरी, रोहन उर्फ माधव पुत्र तुलसीराम ग्राम पाटव थाना जैतारण जनपद पाली राजस्थान को थाना फूलबेहड़ व थाना नीमगांव में लूटे हुए माल, लैपटॉप, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व नकद तथा अवैध शस्त्र-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। उक्त गिरफ्तारी व बरामदगी में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु पुलिस अधीक्षक महोदया खीरी द्वारा 10,000 रु० के पुरस्कार की घोषणा की गई है। इन अभियुक्तगणों के पास से 28000 रु० नकद, 01 अदद मोबाइल फोन, 01 अदद लेपटॉप एच०पी०, 01 अदद मोटरसाइकिल, 02 अदद तमंचा 315 बोर, 04 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर सहित लूट का सामना बरामद हुआ है।
