गुलजार अहमद, मैनपुरी (यूपी), NIT;
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में चार युवकों द्वारा एक आठ साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य दो फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक मैनपुरी सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला खरगजीतनगर में शुक्रवार देर शाम एक मासूम बच्ची पड़ोस से दूध लेने जा रही थी। उसी समय रास्ते में चार युवक कन्हैया तोमर, टिंकल, गौरव और सौरभ उसके पीछे पड़ गए। बच्ची का कहना है कि चारों ने उसको पकड़ लिया और अपने साथ ले जाने लगे। बच्ची के शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और दो आरोपियों को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया जबकि दो फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस स्टेशन पहुंची मासूम बच्ची ने रो रोकर आपबीती बताई। मासूम बच्ची के अनुसार एक आरोपी ने उससे दोस्ती करने की बात कही। जिसके बाद उसके शरीर को छूने लगा। आरोपियों की हरकत से बच्ची इतनी डर गई थी कि ढंग से बोल तक नहीं पा रही थी।
पीड़ित के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 341, 354, 376 और 511 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश की जा रही है।
