अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
एसपी सिद्धाथ बहुगुणा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि बुधवार को खेड़ापति मंदिर पर थाना पिपलानी और अयोध्या नगर की संयुक्त वाहन चैकिंग के दौरान दो शातिर चैन लुटेरों को पकड़ा गया है। पकड़े गए लुटेरों में हसन अली पिता राहत अली उम्र 27 वर्ष निवासी संजय नगर ईरानी डेरा रेलवे स्टेशन के पास हनुमानगंज और अब्बास अली उर्फ सलमान पिता पिंगू अली उम्र 19 वर्ष निवासी मेंहदी कुंआ हुसैन टेकरी जावरा रायसेन, के नाम शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि अपनी उधारी चुकाने के लिए उन्होंने चैन स्नैचिंग की वारदातें शुरु की थी। आरोपियों का लक्ष्य था कि वह करीब 40 से 50 तोला सोना इकट्ठा कर धारवाड़ कर्नाटक निकल जायेंगे। आरोपियों ने बुजुर्ग महिलाओं को अपना शिकार बनाकर चैन स्नैचिंग की वारदातें कबूली हैं।
एसपी बहुगुणा का कहना है कि आरोपी हसन अली एक शातिर चैन लुटेरा है। उस पर पूर्व में चैन स्नैचिंग के कई मामले भी दर्ज हैं। पैसों की लालच देकर उसने अब्बास को अपने साथ शामिल किया था। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।
