वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में स्थित दुधवा नेशनल पार्क के जंगल क्षेत्र में टाइगर से सम्बंधित तीसरी मौत की घटना सामने आई है। दुधवा नेशनल पार्क में रविवार को एक बाघ का शव मिला है। रेलवे लाइन के किनारे शव मिलने से पार्क प्रशासन व वन विभाग में हड़कम्प मच गया। दुधवा के डीडी सहित वन विभाग के अफसर मौके पर पहुंच गए। बाघ की मौत किस कारण से हुई है इसका पता नहीं चल सका है। वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दी है।
रविवार को दुधवा रेंज के कालाकुंड में रेलवे लाइन के किनारे लगभग दस- बारह वर्षीय नर बाघ का शव मिला है। वन विभाग की टीम ने बताया कि बाघ के सिर में चोट के निशान हैं साथ ही उसकी एक आंख पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है इसके साथ उसके नाखून भी टूटे हुए हैं। मामले की जानकारी होने पर प्रमुख सचिव वन कल्पना अवस्थी, एफडी रमेश पांडेय और डीडी महावीर कौजलगी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही इसकी मौत का सही कारण का पता लगाया जा सकेगा। वन विभाग का मानना है कि आपसी संघर्ष में गंभीर घायल होने के चलते इसकी जान चली गई होगी। करीब छह दिन पहले दुधवा में एक तेंदुआ का शव मिला था।
