इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

दमोह लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। प्रहलाद पटेल का नामांकन भराने आए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कांग्रेस पर तंज कसे।
बारात आ गई, घोड़ी आ गई, दुल्हन आ गई पर दूल्हे का पता नहीं : शिवराज सिंह चौहान।
सरकार किसी की भी हो दलालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए: गोपाल भार्गव नेताप्रतिपक्ष।
दमोह संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री भाजपा के कद्दावर नेता प्रहलाद पटेल ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर विस्मांहाल रोड शो करते हुए शहर की सड़कों से लोगों का अभिवादन करते हुए निकले। नामांकन दाखिल करने के दौरान मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, सागर सांसद लक्ष्मीनारायण यादव के साथ अनेक विधायक एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर नामांकन दर्ज कराया। नामांकन दर्ज कराने के पूर्व दमोह की कृषि उपज मंडी परिसर में एक सभा का आयोजन किया गया जहां पर सभी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। वहीं उसके बाद जहां लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद पटेल पैदल चलते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे वही अनेक नेता रथ में सवार होकर भाजपा कार्यालय पहुंचे।
भाजपा कार्यालय से शिवराज सिंह चौहान प्रहलाद पटेल के साथ जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे जहां पर उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दर्ज किया। प्रहलाद पटेल के रोड शो में जनता तो नज़र आई लेकिन दमोह और आस पास के भाजापा कार्यकर्ता नजर नहीं आये और सबके सरों पर चौकीदारी की टोपी भी दिखी लेकिन दमोह लोकसभा क्षेत्र के भाजपाई चौकीदार गिनती के दिखे फिर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने रंग जमाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की सबसे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करा रहे हैं। वे यहीं नहीं रुके उन्होंने कांग्रेस पार्टी को बिना दूल्हे वाली बारात बताया। शिवराज ने यहाँ तक कहा कि बैंड बाजा बारात और दुल्हनिया भी लेकिन दूल्हे के अभी तक पता नहीं और हमारा नेता नरेंद्र मोदी तो कांग्रेस में दर्जनों। वहीं मध्यप्रदेश के नेताप्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने भी कमलनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसी की भी हो दलालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। भाजापा से दमोह लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं, इस बार भी केंद्र में मोदी की सरकार बनेगी और उनके साथ उनके कई साथी भाजपा प्रत्याशी चुनाव में जीत दर्ज करा कर संसद भवन पहुंचेंगे साथ ही कहा कि हमने कभी जाति की राजनीति नहीं की।
इस नामांकन प्रकिया और रोड शो के दौरान भाजापा के दमोह के पूर्व विधायक और वित्त मंत्री रहे जयंत मलैया के साथ ना होना आम चर्चा का विषय बना रहा और जो विधानसभा चुनाव में दमोह के भाजपाईयों में जो उत्साह नजर आता था वह भी नहीं दिखा जिससे क़यास लगाया जा सकता है कि बीजेपी में भी मतभेद कम नहीं हैं।
