गुलज़ार अहमद, ब्यूरो चीफ, मैनपुरी (यूपी), NIT:

बीती रात जीटी रोड किनारे लगी आटा की चक्की पर सो रहे युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और शव को 50 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया दिया। सुबह होने पर परिजनों एवं ग्रामीणों को जानकारी हुई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है। सूचना पाकर भोगांव पुलिस व आला अधिकारी एवं फोरेंसिक विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है जबकि पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

जनपद मैनपुरी के कस्बा भोगांव से दो किलोमीटर दूर जीटी रोड पर स्थित ग्राम माया चंद्रपुर परतापुर में आज्ञाराम कश्यप की आटा चक्की लगी हुई है। बीती रात उसका 18 वर्षीय पुत्र रवि चक्की पर ही सोया था,सुबह होने पर पता चला कि किसी ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी है और हत्यारों ने शव को 50 मीटर दूर ले जाकर डाल दिया है। परिजनों ने चार गोली मारे जाने की बात कही है। सूचना पाकर एडिशनल एसपी मैनपुरी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सिटी अभय नारायण राय, इंस्पेक्टर भोगांव पीआर शर्मा दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। वहीं पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक विभाग की टीम ने घटना स्थल के नमूने भी लिए हैं। हत्या किन कारणों को लेकर की गई है इस बात का पता अभी नहीं चल सका है। पुलिस बारीकी से पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में लगी हुई है।
