अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
राजधानी भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने अवैध हथियार बेचने वाले सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के पास से पांच देशी पिस्टल और रिवॉल्वर जब्त की है। आरोपी पांच दिन पहले पकड़ेएगए हैं।यह अपने दो साथियों से भोपाल सेंट्रल जेल में मुलाकात करने भोपाल आए थे।
एसपी नॉर्थ अरविंद सक्सेना ने मीडिया को बताया कि 7 मार्च को निशातपुरा पुलिस ने मुरैना निवासी योगेश शर्मा और लक्ष्मण सिंह जादौन को गिरफ्तार कर छह हथियार बरामद किए थे। पूछताछ में आरोपियों ने यह हथियार गोहद निवासी देवेंद्र जादौन से खरीदना बताया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस की एक टीम ने गोहद में देवेंद्र के ठिकाने पर भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला।
इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि शनिवार को देवेंद्र अपने दोनों साथियों के साथ भोपाल सेंट्रल जेल में मुलाकात करने पहुंच रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने ट्रूबा कॉलेज के पास एक आपे वाहन में बैठे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों में देवेंद्र समेत करण बैस और धर्मेंद्र बैस शामिल हैं। ।
पुलिस ने तीनों के कब्जे से पांच पिस्टल व रिवॉल्वर जब्त किये हैं ।पूछताछ में देवेंद्र ने अंबा के एक तस्कर से हथियार खरीदने की बात कबूल की है। वह एक पिस्टल 15 हजार से 20 हजार रुपए तक में बेचता था।
