अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;

सायबर पुलिस मध्यप्रदेश द्वारा एक ऐसे युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जो सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर लड़कियों के नाम पर फर्जी आईडी बनाकर, दूसरी लड़कियों को परेशान करता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 29 अप्रैल को ग्वालियर निवासी एक युवती ने सायबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक फेसबुक पर लड़कियों के नाम फर्जी आईडी बनाकर उस पर लड़कियों के फोटो अपलोड करता है।
आपत्तिजनक मैसेज व टिप्पणी कर लड़कियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। उक्त शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी गई थी। सायबर पुलिस एआईजी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने मीडिया को बताया कि फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों को परेशान करने वाले आरोपी सुनील गुप्ता उम्र 19 वर्ष निवासी शिवपुरी को पकड़ा गया है।
एआईजी चौहान का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध 66सी आईटी एक्ट का अपराध दर्ज किया गया था। बाद में जांच के आधार पर आरोपी सुनील गुप्ता को पकड़ा गया।
