फराज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ बहराइच (यूपी), NIT:

शहर के थाना दरगाह क्षेत्र अन्तर्गत छावनी स्थिति अतिथि भवन में एक वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था कि इसी दौरान विवाह में सम्मिलित होने आये रिश्तेदारों ने अपने-अपने वाहन भवन के बाहर पार्क करना शुरू कर दिया। अधिक वाहन होने के कारण अतिथि भवन के अगल-बगल रह रहे लोगों के द्वार खड़े वाहनों की कतारों के कारण बंद हो गये जिसका अतिथि भवन के पडोसियीं ने विरोध किया। इसी बात को लेकर वाहन स्वामियों और अतिथि भवन के पड़ोसियों के बीच कहा सुनी शुरू हो गयी। कहासुनी ने धीरे-धीरे विक्राल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया।

इसी दौरान किसी ने जिले के पुलिस कप्तान डाॅ गौरव ग्रोवर को सूचना दी कि दो गुटों के बींच पथराव हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान एक्शन में आ गये और उन्होंने कई थानों की फोर्स घटना स्थल की ओर रवाना कर स्थिति नियंत्रित करने का निर्देश अपने मातहतों को जारी कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी नगर, कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, थाना दरगाह पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जहां पता चला कि विवाद वाहन पार्किंग के चलते हुआ है। जिले की पुलिस का कहना है कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नज़र है साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की निगाहें हैं किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जायेगा।
