अब्दुल वाहिद काकर, ब्यूरो चीफ धुलिया/नंदुरबार (महाराष्ट्र), NIT:

ज़िले की सरकार कही जाने वाली जिलाधिकारी राहुल रेखावर अपने कार्यालय को ही नहीं संभाल पा रही हैं। मंगलवार सुबह साढ़े 11बजे दफ्तर में अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद पांच-छह भैंस घुस गईं, यह भैंस जिला अधिकारी कार्यालय के प्रांगण से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने तक जा पहुंचीं और काफी देर तक भैंस आफिस में ही खड़ी रहीं। इन भैंसों के गोबर करने से दफ्तर में गंदगी फैल गई। यहां काम कराने आए कई लोगों ने बताया कि अक्सर यहां भैंस घुस जाती हैं। शहरवासियों का कहना है कि कार्यालय के दरबान कर्मचारी गायब हो जाते हैं। इसके बाद यहां कोई संभालने वाला नहीं होता है। इससे पहले भी इसी तरह अनेकों बार डीएम कार्यालय में आवारा पशुओं का आना जाना लगा रहता है जिसकी ओर नगर निगम प्रशासन तथा जिलाधिकारी कार्यालय के कर्मियों ने अनदेखी कर रखी है। वहीं पर जिलाधिकारी राहुल रेखावार ने गत दिनों आवारा पशुओं पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश महानगर निगम के कर्मियों को दिए थे लेकिन डीएम की बातों का असर ना मनपा आयुक्त पर हुआ न ही निगम के कर्मचारियों पर जिसके चलते मंगलवार की सुबह एक बार फिर से डीएम कार्यालय में आवारा पशु जिलाधिकारी को सलामी देने पहुंच गये।
वही पर नगर निगम आवारा पशु पर कार्रवाई करने के नाम पर हाथ पर हाथ रख कर बैठा है।
मंगलवार की सुबह जिला अधिकारी प्रांगण में आवारा पशुओं ने मोर्चा निकालकर जिला अधिकारी कार्यालय को सलामी दी। वहीं पर आवारा पशुओं पर लगाम कसने में जिला प्रशासन के आदेश को नगर निगम ने अनदेखी की इसका जीता जागता सबूत मंगलवार को दिखाई दिया। नागरिकों ने आवारा पशुओं के ऊपर कानूनी कार्रवाई करने की मांग अनेकों बार की है जिसका समर्थन स्वयं जिलाधिकारी ने भी किया लेकिन मनपा प्रशासन कुंभकर्ण की नींद से जागने को तैयार नहीं है।
